
हैदराबाद: भारत में चल रही मिस वर्ल्ड 2025 प्रतियोगिता में कोटा (राजस्थान) की नंदिनी गुप्ता ने देश का नाम रोशन कर दिया है। 120 देशों की सुंदरियों के बीच हो रहे इस मुकाबले में नंदिनी टॉप 40 कंटेस्टेंट में अपनी जगह बना चुकी हैं। उन्होंने न केवल एशिया की टॉप मॉडल का खिताब हासिल किया, बल्कि ‘ब्यूटी विद पर्पस’ जैसे महत्वपूर्ण राउंड में भी अपने सामाजिक प्रोजेक्ट से जजों का दिल जीत लिया।
2023 की मिस इंडिया रहीं नंदिनी
नंदिनी गुप्ता साल 2023 में मिस इंडिया का खिताब जीत चुकी हैं। कोटा में मॉडलिंग की सीमित संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने मुंबई जाकर पढ़ाई और प्रशिक्षण शुरू किया। पहले मिस राजस्थान बनीं और फिर मिस इंडिया का ताज अपने नाम किया। अब वह मिस वर्ल्ड बनने की दिशा में तेज़ी से कदम बढ़ा रही हैं।
माता-पिता को है नाज़
नंदिनी के पिता सुमित गुप्ता का कहना है कि उनकी बेटी हर राउंड में शानदार प्रदर्शन कर रही है। “नंदिनी अपने ग्रुप में टॉप 10 में है और टॉप 40 सेमीफाइनलिस्ट में शामिल हो चुकी है। एशिया की 30 सुंदरियों को पछाड़ कर उसने यह मुकाम हासिल किया है।”
उनकी मां रेखा गुप्ता भी बेहद गर्वित हैं और कहती हैं, “यह सिर्फ हमारा नहीं, पूरे देश का सपना है कि नंदिनी मिस वर्ल्ड बने। वह लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है।”
‘प्रोजेक्ट एकता’ से जीता दिल
मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में ‘ब्यूटी विद पर्पस’ राउंड को सबसे अहम माना जाता है। नंदिनी ने इसमें ‘प्रोजेक्ट एकता’ के माध्यम से दिव्यांग और जरूरतमंदों के लिए अपने योगदान की बात रखी। जजों ने उनके प्रयासों को सराहा।
कड़े मुकाबले में आगे बढ़ रही हैं नंदिनी
मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में चार ग्रुपों में 120 प्रतिभागियों को बांटा गया है। हर ग्रुप से टॉप 10 को सेमीफाइनल के लिए चुना गया है। नंदिनी एशिया ग्रुप से चयनित होकर टॉप 40 में पहुंच चुकी हैं। अगले चरण में टॉप 20 और फिर टॉप 8 प्रतिभागियों का चयन होगा, जिनमें से एक को मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया जाएगा।
देश को अब नंदिनी से बड़ी उम्मीदें हैं। अगर सब कुछ यूं ही चलता रहा तो भारत को जल्द ही एक और विश्व सुंदरी मिल सकती है।