मुख्यमंत्री धामी ने दी प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं
अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है दीपावली : मुख्यमंत्री

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से सोमवार को शासकीय आवास में मंत्रीगण, विधायकगण, भारतीय प्रशासनिक सेवा, पुलिस एवं वानिकी सेवाओं के अधिकारीगणों सहित प्रदेशभर से आए लोगों ने भेंट कर दीपावली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने सभी आगंतुकों का अभिवादन करते हुए उन्हें तथा उनके परिवारजनों को दीपावली की मंगलकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें समाज में प्रकाश, पवित्रता और सकारात्मक ऊर्जा फैलाने का संदेश देता है।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने आशा व्यक्त की कि दीपावली का यह पावन पर्व प्रदेशवासियों के जीवन में नई उम्मीद, समृद्धि और खुशहाली लेकर आएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया कि वे इस पर्व को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आपसी सद्भाव के साथ मनाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की सतत विकास यात्रा में सभी नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है और दीपावली का यह पर्व हमें सामूहिक रूप से एक उज्ज्वल, समृद्ध और सशक्त उत्तराखण्ड के निर्माण के लिए प्रेरित करता है।