उत्तराखंड

गणतंत्र दिवस 2026, उत्तराखंड झांकी, रजत जयंती, पुष्कर सिंह धामी, शीतकालीन यात्रा, उत्तराखंड पर्यटन, सूचना विभाग

राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, शीतकालीन तीर्थाटन और पर्यटन की झलक होगी आकर्षण का केंद्र

गणतंत्र दिवस के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सूचना विभाग द्वारा “रजत जयंती एवं शीतकालीन धार्मिक यात्रा व पर्यटन” विषयक भव्य झांकी का प्रदर्शन किया जाएगा। इस झांकी में उत्तराखण्ड के 25 वर्षों की विकास यात्रा, सांस्कृतिक विरासत, शीतकालीन तीर्थाटन और पर्यटन विकास की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।

इन दिनों परेड ग्राउंड में झांकी का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। सूचना महानिदेशक श्री बंशीधर तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप यह झांकी सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक एवं नोडल अधिकारी के.एस. चौहान की देखरेख में तैयार की जा रही है।

झांकी के प्रथम भाग में मुखवा स्थित गंगा मंदिर को प्रदर्शित किया गया है, जो माँ गंगा का शीतकालीन प्रवास स्थल है। झांकी के अग्रिम केबिन में उत्तराखण्ड गठन के 25 गौरवशाली वर्षों को दर्शाया गया है, जिसमें राज्य की विकास यात्रा, सांस्कृतिक पहचान और निरंतर प्रगति को उकेरा गया है।

झांकी के ट्रेलर भाग में उत्तराखण्ड को आयुर्वेद के अग्रणी राज्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिसमें औषधीय पौधों और जड़ी-बूटियों पर आधारित प्राचीन चिकित्सा पद्धति को दर्शाया गया है। इसके बाद होम-स्टे योजना को प्रदर्शित किया गया है, जो स्थानीय रोजगार, पर्यटन संवर्धन और सतत विकास को बढ़ावा देने का प्रतीक है।

इसके पश्चात झांकी में खरसाली स्थित यमुना मंदिर, माँ यमुना के शीतकालीन धाम को दर्शाया गया है, जो अपने आध्यात्मिक महत्व और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है।

झांकी के अंतिम भाग में उठते हुए स्तंभों के माध्यम से उत्तराखण्ड की वर्ष-दर-वर्ष प्रगति को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया है। पार्श्व भाग में राज्य में लागू नए कानूनों को दर्शाया गया है, जो सुशासन और सुदृढ़ कानून व्यवस्था के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं। पृष्ठभूमि में की गई ऐंपण कला उत्तराखण्ड की पारंपरिक लोक कला को आधुनिक दृष्टिकोण से जोड़ती है।

सूचना विभाग की यह झांकी राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य आकर्षण होगी। उल्लेखनीय है कि परेड ग्राउंड, देहरादून में सूचना विभाग द्वारा पिछले 15 वर्षों से झांकी का आयोजन किया जा रहा है और वर्ष 2024 व 2025 में सूचना विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button