मुख्यमंत्री धामी ने ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो संस्करण का किया अनावरण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अब और होगी सुलभ
आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो माध्यमों से प्रसारित होगा ‘मेरी योजना’ का ऑडियो संस्करण, योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर

मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने आज सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुस्तक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं के साथ-साथ स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया को सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार नवाचार किए जाएं तथा शासनादेशों को भी आमजन की समझ के अनुरूप सरल भाषा में जारी किया जाए।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi देश के सबसे लंबे समय तक कार्य करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन चुके हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नई नीतियां और कानून देश की प्रगति को मजबूत आधार प्रदान कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखण्ड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। केंद्र सरकार राज्य के विकास कार्यों के लिए निरंतर वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है, जिसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों तक भी विकास की पहुंच सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली के कारण प्रदेश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। राज्य सरकार मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली और मिशन एप्पल जैसी रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से युवाओं और महिलाओं के लिए स्वरोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित कर रही है।
कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन Deepak Kumar ने बताया कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण आकाशवाणी तथा अन्य रेडियो स्टेशनों पर प्रसारित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंच सकेगी। उन्होंने बताया कि विभाग अब तक ‘मेरी योजना’ पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है और इसका डिजिटल संस्करण भी पहले ही जारी किया जा चुका है।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना Banshidhar Tiwari सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।



