मुख्यमंत्री धामी ने 4400 से अधिक श्रमिकों को डीबीटी के माध्यम से वितरित किए लगभग 11 करोड़ रुपये
भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को वन क्लिक से मिली सहायता राशि

देहरादून। मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने आज उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 4400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में वन क्लिक के माध्यम से यह राशि भेजी। उन्होंने कहा कि श्रमिक समाज के निर्माण और विकास की आधारशिला हैं तथा उनके कल्याण के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए तथा विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट ही आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, जिससे उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ प्राप्त हो सके।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने तथा जीवनोपयोगी सामग्री वितरण के लिए विशेष शिविरों के आयोजन पर भी बल दिया। उन्होंने सभी योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र श्रमिकों तक ही पहुंचे। इसके लिए योजनाओं की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान जानकारी दी गई कि उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की अनुदान राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर Kailash Pant, Geeta Rawat, Mohini Pokhariya, Vineet Kumar, Vipin Kumar, Shailesh Sati, Durga Chamoli तथा श्रम आयुक्त Prakash Chandra Dumka सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।



