उत्तराखंडक्राइम

मुख्यमंत्री धामी ने ‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’ अभियान का शुभारंभ किया

राज्य स्थापना दिवस तक चलेगा ‘‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’’ जनजागरूकता अभियान

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सचिवालय में ‘‘सतर्कता-हमारी साझा जिम्मेदारी’’ थीम पर आधारित जन जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। यह अभियान प्रदेश भर में राज्य स्थापना दिवस 9 नवम्बर 2025 तक चलाया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा भी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को साकार करने वाले लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को नमन किया और कहा कि सरदार पटेल ने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण भारत की एकता, अखंडता और सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में यह जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल भ्रष्टाचार मुक्त भारत का संकल्प लिया, बल्कि उसे धरातल पर उतारने का कार्य भी किया है। उनके नेतृत्व में देश में नई कार्य संस्कृति विकसित हुई है, जिससे शासन-प्रशासन को पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के साथ भ्रष्टाचार के खिलाफ दृढ़ता से कार्य कर रही है। राज्य गठन के बाद सतर्कता विभाग द्वारा अब तक 339 भ्रष्ट अधिकारियों और कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। पिछले तीन वर्षों में 78 भ्रष्टाचारियों और 27 अन्य मामलों में अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पारदर्शी शासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए टोल फ्री नंबर 1064 संचालित है। पिछले तीन वर्षों में इसके माध्यम से लगभग 10,000 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 62 मामलों में ट्रैप कार्रवाई और 4 मामलों में खुली जांच की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा — “जो भी भ्रष्टाचार करेगा, वह सलाखों के पीछे जाएगा।”

मुख्यमंत्री ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि जनजागरूकता बढ़े और नागरिक भी शासन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने में भागीदार बनें।

इस अवसर पर मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन, डीजीपी श्री दीपम सेठ, प्रमुख सचिव श्री एल. फैनई, निदेशक सतर्कता श्री वी. मुरूगेशन, सचिवगण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button