
शपथ ग्रहण के बाद पहली बैठक, विकास कार्यों पर हुई चर्चा
नई दिल्ली: मुख्यमंत्री बनने के बाद रेखा गुप्ता ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और पिछले दो दिनों में हुई अहम बैठकों की जानकारी साझा की।
राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति से भी की शिष्टाचार भेंट
शुक्रवार को रेखा गुप्ता ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति ने इस भेंट की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा कीं।
दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनीं रेखा गुप्ता
19 फरवरी को भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें मुख्यमंत्री पद के लिए चुना गया, जिसके बाद गुरुवार को रामलीला मैदान में उन्होंने शपथ ग्रहण किया। उनके साथ 6 मंत्रियों ने भी शपथ ली। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित एनडीए के अन्य प्रमुख नेता भी शामिल हुए।
विभागीय अधिकारियों संग बैठक, चुनावी वादों को पूरा करने पर जोर
शुक्रवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी संकल्प पत्र में किए गए वादों को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात कर विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर चर्चा की।