Blogउत्तराखंड

हल्द्वानी में ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम: राजनाथ सिंह ने धामी सरकार की सराहना, बोले—“धामी अब धुरंधर बन चुके हैं”

एमबी इंटर कॉलेज में जनसभा, उत्तराखण्ड के विकास मॉडल और ऐतिहासिक फैसलों की हुई चर्चा

उत्तराखण्ड सरकार के “चार साल बेमिसाल” कार्यक्रम के तहत हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज में एक भव्य जनसभा का आयोजन किया गया, जिसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री का नंदा देवी मंदिर की प्रतिकृति और स्थानीय हस्तनिर्मित शॉल भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तराखण्ड के शहीदों को नमन करते हुए देवभूमि को आस्था, अध्यात्म और तप की भूमि बताया। उन्होंने कहा कि यहां के लोग सौम्य, परिश्रमी और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

रक्षा मंत्री ने धामी सरकार की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के साथ तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए कहा, “धामी न केवल धाकड़ हैं, बल्कि अब धुरंधर बन चुके हैं”, जो प्रदेश के विकास के लिए प्रभावी निर्णय ले रहे हैं।

उन्होंने उत्तराखण्ड के 25 वर्षों के सफर को बलिदान, संघर्ष और विकास की कहानी बताते हुए कहा कि राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, बिजली विस्तार, पर्यटन, रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

राजनाथ सिंह ने यूनिफॉर्म सिविल कोड, नकल विरोधी कानून, अतिक्रमण हटाने और सीमांत गांवों के विकास जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यूसीसी लागू कर उत्तराखण्ड ने सामाजिक न्याय की दिशा में देश में उदाहरण प्रस्तुत किया है।

अवैध घुसपैठ और अतिक्रमण पर सख्ती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देवभूमि की पवित्रता और सुरक्षा बनाए रखना जरूरी है। राज्य सरकार द्वारा अतिक्रमण हटाने और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने “पहाड़ की जवानी और पानी” के स्थानीय उपयोग पर जोर देते हुए रोजगार और अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की बात कही।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म” के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है और वैश्विक स्तर पर सशक्त भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते चार वर्षों में निवेश, पर्यटन, बुनियादी ढांचे, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के जरिए बड़े निवेश समझौते हुए हैं और स्टार्टअप्स की संख्या में तेजी आई है। महिलाओं के सशक्तिकरण, पारदर्शी भर्ती और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदमों से राज्य में सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है।

उन्होंने कहा कि नकल विरोधी कानून से युवाओं का भविष्य सुरक्षित हुआ है और हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। साथ ही समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समरसता को बढ़ावा मिला है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए होमस्टे और धार्मिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया, जिसमें जमरानी बांध परियोजना, राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण विकास और वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में राज्य सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं की विस्तृत झलक प्रस्तुत की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button