
रेलवे तकनीक में नया अध्याय, तमिलनाडु के लिए गौरव का क्षण
रामेश्वरम (तमिलनाडु): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 अप्रैल को तमिलनाडु के पंबन में भारत के पहले वर्टिकल लिफ्ट रेलवे ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। यह अत्याधुनिक पुल रामेश्वरम द्वीप और मुख्य भूमि को जोड़ने वाली पुरानी संरचना का स्थान लेगा। 535 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को भारतीय रेलवे की अभियांत्रिकी का चमत्कार माना जा रहा है।
आधुनिक तकनीक से लैस, समुद्री यातायात के लिए सुविधा
समुद्र के ऊपर लगभग 2.08 किलोमीटर लंबे इस ब्रिज को वर्टिकल लिफ्ट तकनीक से तैयार किया गया है, जो समुद्री जहाजों के लिए उठ सकता है। यह पुल समुद्र तल से 17 मीटर ऊपर है और इसका सफल परीक्षण भी हो चुका है। पहले का मैन्युअल कैंटिलीवर ब्रिज अब इतिहास बन जाएगा।
पीएम मोदी की यात्रा और उद्घाटन कार्यक्रम
प्रधानमंत्री मोदी श्रीलंका की दो दिवसीय यात्रा पूरी कर सुबह 11:45 बजे रामनाथपुरम जिले के मंडपम में पहुंचेंगे। दोपहर 12 बजे वे पंबन ब्रिज पर बनाए गए अस्थायी मंच से ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे रामेश्वरम और तांबरम के बीच एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
मंदिर दर्शन और जनसभा
रामनवमी के अवसर पर प्रधानमंत्री दोपहर 12:40 बजे पवित्र रामनाथस्वामी मंदिर में दर्शन करेंगे और फिर जनसभा को संबोधित करेंगे। वे दोपहर 2:30 बजे तक विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद पीएम मोदी मदुरै होते हुए दिल्ली लौटेंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रधानमंत्री की यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद की गई है। SPG के नेतृत्व में सुरक्षा एजेंसियों और तमिलनाडु पुलिस ने सभी महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया है। 4,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे और ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने की हिदायत दी गई है।
यह उद्घाटन न केवल रेलवे के बुनियादी ढांचे को मजबूती देगा, बल्कि धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से भी तमिलनाडु को नई पहचान देगा।