शासकीय आवास परिसर में 60 किलो शहद उत्पादन, मधुमक्खी पालन से बढ़ेगा स्वरोजगार

शासकीय आवास परिसर में आज उद्यान विभाग द्वारा लगभग 60 किलोग्राम शहद का उत्पादन किया गया। यह उपलब्धि प्रदेश में मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं और स्वरोजगार के नए अवसरों की ओर संकेत करती है।

विशेषज्ञों के अनुसार, क्षेत्र में मौजूद समृद्ध पुष्प विविधता उच्च गुणवत्ता वाले जैविक शहद उत्पादन के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती है। यही कारण है कि यहां उत्पादित शहद की गुणवत्ता बेहतर और औषधीय गुणों से भरपूर होती है।

उद्यान विभाग द्वारा विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में मधुमक्खी पालन को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा रहा है। मधुमक्खी पालन न केवल किसानों और युवाओं के लिए कम लागत में अधिक लाभ वाला व्यवसाय साबित हो रहा है, बल्कि इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

सरकार का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग मधुमक्खी पालन को अपनाएं, जिससे जैविक शहद उत्पादन में वृद्धि हो और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले। आने वाले समय में यह क्षेत्र ग्रामीण विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

Back to top button