उत्तराखंड में लखपति दीदी योजना से बदलेगी महिलाओं की आर्थिक तस्वीर, अगले दो वर्षों में 5 लाख महिलाएं बनेंगी लखपति
उत्तराखंड में लखपति दीदी योजना से बदलेगी महिलाओं की आर्थिक तस्वीर, अगले दो वर्षों में 5 लाख महिलाएं बनेंगी लखपति

देहरादून।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित “लखपति दीदी योजना” राज्य की महिलाओं के लिए आर्थिक सशक्तिकरण का सशक्त माध्यम बनकर उभर रही है। इस योजना के अंतर्गत अगले दो वर्षों में प्रदेश की लगभग पांच लाख महिलाओं को लखपति बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने की ठोस व्यवस्था की जा रही है। स्वयं सहायता समूहों (SHG) से जुड़ी महिलाएं कृषि, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, हस्तशिल्प, फूड प्रोसेसिंग, सिलाई-कढ़ाई और स्थानीय उत्पादों के निर्माण के माध्यम से अपनी आमदनी बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक मजबूती ही परिवार और समाज की मजबूती का आधार है। लखपति दीदी योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को प्रशिक्षण, ऋण सुविधा और विपणन सहयोग उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
योजना के सकारात्मक परिणाम अब ज़मीनी स्तर पर दिखाई देने लगे हैं। कई महिलाएं सालाना एक लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर रही हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और सामाजिक सम्मान भी मिला है। सरकार का उद्देश्य है कि हर गांव में लखपति दीदियों का मजबूत नेटवर्क तैयार हो, जो अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा बन सके।


