उत्तराखण्ड में इस साल सड़क-रेल नेटवर्क और मजबूत होगा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
उत्तराखण्ड में इस साल सड़क-रेल नेटवर्क और मजबूत होगा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि वर्ष 2026 में उत्तराखण्ड में सड़क और रेल नेटवर्क को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। राज्य में कनेक्टिविटी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार मिलकर बड़े स्तर पर निवेश कर रही हैं, जिससे पर्वतीय और सीमावर्ती क्षेत्रों तक बेहतर आवागमन सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखण्ड में सड़क परिवहन की 23 से अधिक प्रमुख परियोजनाएं वर्तमान में संचालित की जा रही हैं। इन परियोजनाओं पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिससे राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से रेल और सड़क दोनों क्षेत्रों में बजट लगभग समान स्तर पर पहुंच चुका है, जो राज्य के समग्र विकास के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड को कनेक्टिविटी के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने वाला राज्य बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी न केवल आर्थिक गतिविधियों को गति देगी, बल्कि आपदा प्रबंधन, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती प्रदान करेगी। विशेष रूप से चारधाम यात्रा मार्ग, सीमावर्ती क्षेत्र और पहाड़ी इलाकों में सड़क-रेल नेटवर्क का विस्तार राज्य की विकास यात्रा को नई दिशा देगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तराखण्ड देश के अग्रणी इंफ्रास्ट्रक्चर-समर्थ राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।


