
पटना समेत कई जिलों में महसूस किए गए भूकंप के झटके
शुक्रवार तड़के बिहार की राजधानी पटना समेत भागलपुर, समस्तीपुर और दरभंगा में भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप रात करीब 2:30 बजे आया, जिसका केंद्र नेपाल में बताया जा रहा है। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई है।
नेपाल में था भूकंप का केंद्र
नेपाल के राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र हिमालयी राष्ट्र के मध्य क्षेत्र के सिंधुपालचौक जिले के भैरवकुंडा में था। यह झटका नेपाल के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में अधिक महसूस किया गया। इसके अलावा, भारत और तिब्बत (चीन) के सीमावर्ती इलाकों में भी कंपन दर्ज किया गया।
कोई बड़ी क्षति की सूचना नहीं
फिलहाल, भूकंप से किसी के घायल होने या किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। हालांकि, स्थानीय प्रशासन स्थिति का आकलन कर रहा है। नेपाल प्रशासन ने नागरिकों को संभावित आफ्टरशॉक्स (आफ्टरशेक) के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी है।
नेपाल भूकंप के लिए संवेदनशील क्षेत्र
नेपाल सबसे सक्रिय टेक्टोनिक जोन (भूकंपीय क्षेत्र IV और V) में स्थित है, जो इसे भूकंप के लिए बेहद संवेदनशील बनाता है। 2015 में आए 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप में नेपाल में 9,000 से अधिक लोग मारे गए थे और लाखों इमारतें क्षतिग्रस्त हुई थीं।
पाकिस्तान में भी भूकंप के झटके
पाकिस्तान में भी शुक्रवार सुबह 5:14 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता 4.5 दर्ज की गई, जो मध्यम श्रेणी का भूकंप माना जाता है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।