मुख्य सचिव ने पर्यटन विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा, निर्धारित समय में परियोजनाएँ पूर्ण करने के निर्देश
परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर, PERT चार्ट के साथ सतत मॉनिटरिंग के निर्देश

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने आज सचिवालय में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जागेश्वर धाम, महासू देवता, जादूंग, माणा एवं नीति–टिम्मरसैंण में चल रही परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परियोजना के लिए कार्य प्रारंभ से समाप्ति तिथि तक का स्पष्ट विवरण दर्ज करते हुए PERT Chart तैयार किया जाए, जिससे मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग प्रभावी ढंग से की जा सके।
भूमि हस्तांतरण व अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि हस्तांतरण, अधिग्रहण और अन्य प्रक्रियागत कार्यों में गति लाई जाए, ताकि परियोजनाएँ समय पर आगे बढ़ सकें।
कैंची धाम व जादूंग में प्रमुख कार्य जल्द पूरे करने पर जोर
मुख्य सचिव ने बताया कि कैंची धाम में नए पैदल पुल के निर्माण और जादूंग में Festive Ground से संबंधित विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ तय समय में पूरा कराया जाए।
यदि कार्य की गति बढ़ाने के लिए अतिरिक्त श्रमिकों की आवश्यकता हो, तो उनकी संख्या तुरंत बढ़ाई जाए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक में की भागीदारी
इस अवसर पर सचिव श्री धीराज सिंह गर्ब्याल, जिलाधिकारी देहरादून श्री सविन बंसल, अपर सचिव श्री अभिषेक रुहेला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



