उत्तराखंड

उत्तराखण्ड को व्यापार सुधार कार्य योजना 2024 में टॉप अचीवर्स पुरस्कार, मुख्यमंत्री धामी ने जताया गर्व

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा— “व्यवसाय सुगमता और सतत विकास के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता का प्रतीक है यह उपलब्धि”

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी को आज सचिवालय में सचिव उद्योग श्री विनय शंकर पाण्डेय ने राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार सुधार कार्य योजना (Business Reforms Action Plan – BARP) 2024 के तहत पाँच प्रमुख सुधार श्रेणियों में प्रदेश को प्राप्त टॉप अचीवर्स पुरस्कार भेंट किया।

राज्य को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल द्वारा उद्योग सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय को प्रदान किया गया था। यह पुरस्कार उत्तराखण्ड को देश में व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता और श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पाँच सुधार क्षेत्रों में सर्वोच्च उपलब्धि प्राप्त करने के लिए दिया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पुरस्कार राज्य की व्यवसाय सुगमता के प्रति निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने इसे उत्तराखण्ड की उद्योगिक प्रगति और निवेश आकर्षण के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “उत्तराखण्ड ने सतत और समावेशी विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की है। इन सुधारों का उद्देश्य न केवल निवेश में तेजी लाना है, बल्कि पर्यावरणीय संतुलन और समान विकास को बनाए रखना भी है।”

उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास प्रदेश की समृद्धि और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित कर रहा है। BARP 2024 में देश के शीर्ष राज्यों में स्थान पाना निवेशकों को उत्तराखण्ड की ओर आकर्षित करेगा और राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति देगा।

इस अवसर पर महानिदेशक उद्योग डॉ. सौरव गहरवार भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button