उपनल कर्मचारियों को बड़ी राहत: समान कार्य–समान वेतन पर ऐतिहासिक कैबिनेट निर्णय
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिले उपनल प्रतिनिधि, फैसले के लिए जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से आज सचिवालय में उपनल कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान उपनल कर्मचारियों ने समान कार्य–समान वेतन के संबंध में राज्य मंत्रिमंडल द्वारा लिए गए ऐतिहासिक निर्णय के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
उपनल कर्मचारियों ने कहा कि यह निर्णय लंबे समय से चली आ रही उनकी मांगों को पूरा करता है और उनके सम्मान तथा आर्थिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस फैसले से प्रदेश के हजारों उपनल कर्मचारियों में उत्साह और विश्वास का माहौल बना है।
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उपनल कर्मियों के हितों की रक्षा, उनके सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उपनल कर्मचारी प्रशासनिक व्यवस्था की एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनके योगदान को सरकार पूरी गंभीरता से स्वीकार करती है।
मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े सभी मुद्दों पर सरकार संवेदनशीलता के साथ कार्य करती रहेगी।



