पाक सेना प्रमुख के परमाणु हमले की धमकी पर अमेरिका का बयान: भारत और पाकिस्तान से रिश्ते “अपरिवर्तित”
अमेरिका ने कहा – भारत-पाक दोनों से अच्छे संबंध बरकरार, वॉशिंगटन दोनों देशों के साथ काम करने के लिए प्रतिबद्ध

वॉशिंगटन:
पाकिस्तान सेना प्रमुख असीम मुनीर के हालिया अमेरिका दौरे और भारत पर परमाणु हमले की धमकी के बाद, अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि भारत और पाकिस्तान दोनों के साथ उसके रिश्ते “अपरिवर्तित” हैं और वॉशिंगटन दोनों देशों के साथ कूटनीतिक रूप से प्रतिबद्ध है।
पाक फील्ड मार्शल मुनीर ने अपने दौरे के दौरान अमेरिका से ही भारत के खिलाफ परमाणु युद्ध छेड़ने और “आधी दुनिया खत्म करने” की धमकी दी थी। यह पहली बार था जब अमेरिकी धरती से किसी तीसरे देश के खिलाफ ऐसी परमाणु धमकी दी गई।
अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता टैमी ब्रूस ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हाल ही में भारत-पाक संघर्ष को टालने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा,
“यह हमारे लिए गर्व का क्षण था कि हम एक संभावित तबाही को रोकने में शामिल रहे।”
जब उनसे पूछा गया कि असीम मुनीर की ट्रंप से मुलाकात के बाद क्या पाकिस्तान को अधिक सैन्य मदद और हथियार दिए जाएंगे, तो ब्रूस ने साफ किया कि राष्ट्रपति ट्रंप का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ रिश्ता बरकरार है और अमेरिका के “दोनों देशों के साथ अच्छे संबंध” हैं।
इसके साथ ही उन्होंने इस्लामाबाद में मंगलवार को हुई अमेरिका-पाकिस्तान काउंटर-टेररिज्म डायलॉग का भी जिक्र किया, जिसमें दोनों देशों ने आतंकवाद के सभी रूपों से मुकाबला करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुनीर का यह अमेरिका दौरा दो महीनों में दूसरा है। जून में वह राष्ट्रपति ट्रंप के साथ एक निजी लंच में भी शामिल हुए थे। इस बार वह रविवार को वॉशिंगटन पहुंचे और अमेरिका की शीर्ष राजनीतिक व सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की।