उत्तराखंड

उत्तराखण्ड पर्यटन में ऐतिहासिक उछाल, वर्ष 2025 में छह करोड़ से अधिक पर्यटकों ने किया प्रदेश का भ्रमण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पर्यटन को बढ़ावा देने की पहल लाई रंग, राज्य गठन के बाद पहली बार बना नया रिकॉर्ड

पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की प्रभावी पहल का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। वर्ष 2025 में उत्तराखण्ड में छह करोड़ तीन लाख से अधिक पर्यटक पहुंचे, जो राज्य गठन के बाद अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इससे प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित हुआ है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में कुल 6.03 करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तराखण्ड आए, जिनमें देश-विदेश के श्रद्धालु और सैलानी शामिल हैं। इनमें 3.42 करोड़ से अधिक पर्यटक एवं तीर्थयात्री हरिद्वार पहुंचे। देहरादून में 67 लाख 35 हजार, नैनीताल में 71 लाख 53 हजार 29 और ऋषिकेश में 75 लाख 29 हजार 759 पर्यटकों के आगमन दर्ज किया गया।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा, धार्मिक पर्यटन, साहसिक पर्यटन, ईको-टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। आधारभूत सुविधाओं के विकास, सड़क एवं हेली सेवाओं के विस्तार तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किए जाने से पर्यटकों का विश्वास बढ़ा है।

पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2021 से लगातार पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हो रही है। वर्ष 2021 में 2.09 करोड़, 2022 में 3.59 करोड़, 2023 में 5.96 करोड़, 2024 में 5.95 करोड़ और वर्ष 2025 में यह आंकड़ा 6 करोड़ के पार पहुंच गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखण्ड को पर्यटन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button