
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के गंगनानी क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक प्राइवेट हेली कंपनी का हेलीकॉप्टर उड़ान भरते समय अनियंत्रित होकर जंगल में जा गिरा। हादसे में हेलीकॉप्टर सवार सात में से छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और प्रशासनिक अमला घटनास्थल की ओर रवाना हुआ।
देहरादून से खरसाली के लिए भरी थी उड़ान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से खरसाली की ओर उड़ान भर रहा था। वापसी के दौरान अचानक तकनीकी गड़बड़ी आई और हेलीकॉप्टर नियंत्रण से बाहर होकर गंगनानी के जंगलों में जा गिरा। यह इलाका उत्तरकाशी मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
हादसे का असर केदारनाथ हेली सेवा पर भी पड़ा
इस दुर्घटना का सीधा असर केदारनाथ धाम की हेली सेवाओं पर भी देखा गया। हादसे के तुरंत बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर केदारनाथ की हवाई सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया। फाटा, गुप्तकाशी और सिरसी से उड़ानें कुछ समय के लिए रोक दी गईं जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
सेवाएं एक घंटे बाद बहाल, तीर्थयात्रियों ने ली राहत की सांस
करीब एक घंटे तक उड़ानों पर रोक के बाद जब सुरक्षा समीक्षा पूरी हुई, तो केदारनाथ के लिए हेली सेवा को फिर से चालू कर दिया गया। इस दौरान कई तीर्थयात्री चिंता में थे, लेकिन स्थिति सामान्य होने के बाद उड़ानें पुनः प्रारंभ की गईं, जिससे यात्रा में रुचि रखने वालों को राहत मिली।
जांच के आदेश, रेस्क्यू में समय लगा
घटना की गंभीरता को देखते हुए शासन ने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। घटना स्थल की भौगोलिक स्थिति दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू टीम को पहुंचने में समय लगा। हादसे की वजह फिलहाल तकनीकी खराबी मानी जा रही है, लेकिन विस्तृत जांच के बाद ही सही कारण सामने आएगा।